शुक्रवार, 18 जून 2010

खास खबरे

22 साल से निरंतर दूध दे रही गाय
एक मवेशी अधिकतम एक या दो वर्ष अथवा इससे कुछ अधिक समय तक ही लगातार दूध दे सकता है। प्रकृति के नियमों के तहत भी लंबे समय तक दूध देने के लिए उसे बार-बार गर्भ धारण करना जरूरी है। पर कठुआ के नंगल गांव में रघुवीर सिंह के घर में 25 साल की एक गाय 22 साल से दोबारा गर्भ धारण किए बिना निरंतर दूध दे रही है।

> परिवार के लोग इस गाय को मां का स्वरूप व घर का सदस्य मानते हैं। उनका कहना है कि इस गाय ने उनके परिवार को दूध पिलाकर पाला है। ऐसी गाय उनके परिवार के किसी सदस्य से कम नहीं है। उन्होंने बताया कि वह इस गाय को कहीं से खरीद कर नहीं लाए थे, बल्कि इसका जन्म उनके घर में ही हुआ था। साढ़े तीन साल की उम्र में 22 साल पहले यह गर्भवती हुई थी और एक बछड़े को जन्म दिया था। उसके बाद आज तक इसने गर्भ धारण नहीं किया, लेकिन दूध निरंतर दे रही है। रघुवीर ने बताया कि शुरुआत में यह 15 किलो तक दूध देती थी, उसके बाद 10 किलो, फिर पांच और अब दो किलो दे रही है। उनका कहना है कि 25 साल से उनके आंगन में बंधी गाय अब उनके परिवार की सदस्य है। उन्होंने बताया कि कई बार लोगों ने इसे खरीदने का भी प्रयास किया, लेकिन वे ऐसा सोच भी नहीं सकते थे। रघुवीर के बेटे कमल सिंह ने गाय के बड़े-बड़े फोटो अपने कंप्यूटर में सेव कर रखे थे। उसका कहना है कि यह गाय उनके परिवार की मां है। उनके परिवार के अलावा पूरे गांव के लोगों ने इसके दूध का स्वाद चखा है। आज भी जिसके घर में दूध नहीं होता, वो उनके घर लेने आते हैं।

> इस संबंध में पशुपालन विभाग के सेवानिवृत्त चीफ एनीमल हस्बेंडरी आफिसर जेएस जसरोटिया का का कहना है कि ऐसा किसी भी दुधारू पशु में हारमोनल सिस्टम में गड़बड़ी के कारण होता है। पिछले दिनों सुंदरबनी और हीरानगर में भी एक महीने की बछड़ी द्वारा दूध देने का मामला सामने आया था। हां गाय की उम्र 25 साल होने की बात पहली बार सामने आई है, जो हैरानी वाली बात है। अक्सर गाय की उम्र 15 से 16 साल तक ही होती है।

कोई टिप्पणी नहीं: